राजगढ़ःनिर्माणाधीन मकान में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव

राजगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुरिया में गुरुवार सुबह 28 वर्षीय विवाहिता का शव पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममताबाई (28) पत्नी राधेश्याम तंवर, निवासी किशनपुरिया के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 10 वर्ष पहले राधेश्याम तंवर से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। राधेश्याम खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पति के अनुसार बुधवार रात ममताबाई ने परिवार के साथ भोजन किया और सोने चली गई थी। गुरुवार सुबह पड़ोसी गोवर्धन तंवर अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा तो उसने ममताबाई का शव साड़ी के फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

ससुराल पक्ष का कहना है कि ममताबाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं मायके पक्ष ने पुलिस को बताया कि ममता और उसके पति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। इसी वजह से पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर