राजगढ़, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र के ग्राम निपानियातुला में शुक्रवार दोपहर एक महिला की कुएं में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से महिला के शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार ग्राम निपानियातुला निवासी 33 वर्षीय रितुबाई पत्नी लखनसिंह तंवर दोपहर में पानी भरने के लिए कुएं पर गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गईं। कुएं में पानी अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सकीं और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सारंगपुर सिविल अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि रितुबाई का विवाह करीब 10 वर्ष पहले लखनसिंह तंवर से हुआ था। पति खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल महिला के कुएं में गिरने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।
---------------

