हरियाणा में रक्षाबंधन से पहले हादसा:पत्नी को राखी बंधवाने भाई के पास ले जा रहे पति की मौत; बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा शुरू

हरियाणा में पत्नी को राखी बंधवाने के लिए ले जा रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। दंपती अपने बेटा-बेटी के साथ फतेहाबाद से पेहोवा जा रहे थे। जींद में उनकी बाइक बेसहारा पशु से टकरा गई। जिससे फतेहाबाद के रतिया के गांव बोंरा के रहने वाले हरदेव (42) की मौत हो गई। उनकी पत्नी की टांग टूट गई। इसके अलावा बेटी मानसी के सिर, हाथ और पैर पर चोटें आई हैं। वहीं हरदेव के बेटे को भी मुंह और पैर पर चोटें लगी हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर आवास में रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष भी पहुंचे। गवर्नर घोष की पत्नी मित्रा घोष ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और CM की पत्नी सुमन सैनी ने पंजाब और हरियाणा के गवर्नरों को राखी बांधी। सीएम सैनी ने इस मौके पर कहा कि ये बहुत ही पवित्र त्योहार है। भाई-बहन के रिश्ते में ये त्योहार और मिठास घोलता है। वहीं राखी को देखते हुए महिलाओं के लिए आज (8 अगस्त) दोपहर 12 बजे से हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा शुरू हो गई है। उनके साथ उनके 15 साल तक के बच्चों की भी टिकट नहीं लगेगी। यह सुविधा कल यानी 9 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। सरकार का कहना है कि महिलाएं बसों में राज्य के अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली भी जा सकेंगी। बस पकड़ने में महिलाओं को कोई दिक्कत न आए, इसलिए सभी जिलों के बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने रक्षाबंधन को देखते हुए 2 स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है। दोनों ट्रेन हरियाणा होकर राजस्थान और महाराष्ट्र जाएंगी। रक्षाबंधन पर महिलाओं को कब तक बस सुविधा मिलेगी, बच्चों को क्या आईडी दिखानी होगी समेत कई सवालों के जवाब जानने के लिए दैनिक स्टेट समाचार ने हिसार रोडवेज डिपो के जनरल मैनेजर (GM) राहुल मित्तल से बातचीत की। फ्री बस सुविधा को लेकर वह सब कुछ जो महिलाओं के लिए जानना जरूरी... सवाल 1. कब से कब तक यह सुविधा मिलेगी? जवाब: सरकार की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार रात 12 बजे तक यह सुविधा मिलेगी। सवाल 2. सिर्फ रक्षाबंधन मनाने जा रही महिलाओं के लिए बस सर्विस फ्री है? जवाब: नहीं, सरकार ने रक्षाबंधन को देखते हुए सभी महिलाओं के लिए बस सर्विस फ्री की है। सवाल 3. बसों में कहां से कहां तक यात्रा कर सकते हैं? जवाब: रोडवेज की फ्री बस सेवा का लाभ पूरे हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ तक उठा सकते हैं। सवाल 4. 15 साल तक के बच्चों का क्या आईडी दिखानी होगी? जवाब: हां, 15 साल तक के बच्चों को बस में आईडी (आधार कार्ड) दिखानी होगी, तभी पता चल सकेगा कि बच्चा कितने साल का है। सवाल 5. क्या लोकल बसों में भी यह सुविधा मिलेगी? जवाब: रोडवेज की साधारण बसों को छोड़कर अन्य किसी बस में यह सुविधा नहीं मिलेगी। सवाल 6. क्या प्राईवेट बसों में यह आदेश मान्य होंगे? जवाब: नहीं, प्राईवेट बसों में आदेश मान्य नहीं होंगे। प्राईवेट बसें पहले की तरह किराया वसूल करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ये 2 स्पेशल ट्रेन चलाईं... 1. हिसार–हडपसर सुपरफास्ट स्पेशल (गाड़ी संख्या 04725/04726) 2. मदार–रोहतक स्पेशल (गाड़ी संख्या 09639/09640)

   

सम्बंधित खबर