पानीपत में युवक ने मस्जिद में घुसकर बनाया VIDEO:बोला-जय श्री राम भाइयों, आज हम कब्जा लेने आए हैं; पकड़े जाने पर हाथ जोड़े
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
हरियाणा के पानीपत में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश का खुलासा हुआ है। सनौली एरिया में एक युवक ने सोशल मीडिया पर सस्ते प्रचार और लाइमलाइट (वायरल होने) के चक्कर में गांव की मस्जिद पर कब्जा लेने का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पहले मस्जिद के बाहर खड़ा होकर कैमरे के सामने भड़काऊ अंदाज में बोलता है- जय श्री राम भाइयों, आज हम मस्जिद पर कब्जा लेने आए हैं। वीडियो के सामने आते ही इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और धार्मिक संगठन तुरंत हरकत में आ गए। करीब 2 दिनों की कड़ी मशक्कत और तलाश के बाद युवक को ढूंढ निकाला गया, जिसके बाद समाज के सामने उसने अपनी इस घिनौनी करतूत के लिए कान पकड़कर माफी मांगी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मस्जिद को खाली देख अंदर घुसा और मारने लगा ललकार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक सनौली स्थित मस्जिद के पास पहुंचा। दोपहर का समय होने के कारण मस्जिद पूरी तरह खाली थी और वहां कोई भी नमाजी या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसका फायदा उठाते हुए युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग ऑन की। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक पहले मस्जिद के बाहर खड़ा होकर कैमरे के सामने भड़काऊ अंदाज में बोलता है- जय श्री राम भाइयों, आज हम मस्जिद पर कब्जा लेने आए हैं। इसके बाद वह बेखौफ होकर मस्जिद के मुख्य परिसर के भीतर दाखिल हो जाता है। अंदर सन्नाटा देखकर वह जोर से ललकार मारता है और कहता है- "कोई है क्या अंदर? आज कब्जा लेने आया हूं"। इस पूरी रिकॉर्डिंग को उसने सांप्रदायिक रंग देकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। धार्मिक संगठनों ने ढूंढ निकाला, युवक बोला- मुद्दा बनाने की थी नीयत जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, सनौली गांव सहित पूरे पानीपत जिले के धार्मिक और सामाजिक संगठन अलर्ट हो गए। समाज में किसी भी तरह का दंगा या तनाव न फैले, इसके लिए युवाओं और प्रबुद्ध लोगों की टीमों ने वीडियो के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। करीब 2 दिन की सघन खोजबीन के बाद आखिरकार युवक को दबोच लिया गया। सौधापुर गांव के दीपक से जब धार्मिक संगठनों और ग्रामीणों ने सामने बैठाकर इस तरह की शर्मनाक वीडियो बनाने का कारण पूछा, तो उसने सच उगल दिया। युवक ने कुबूल किया कि उसका मस्जिद से कोई विवाद नहीं था, बल्कि उसने केवल सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल होने, पब्लिसिटी पाने और एक बड़ा मुद्दा खड़ा करने की नीयत से ही यह भड़काऊ वीडियो तैयार किया था। गलती मानकर पैरों में गिरा, बोला- भाईचारे को खराब न करें सच्चाई सामने आने और समाज के कड़े रुख को देखते हुए युवक के होश ठिकाने आ गए। उसने तुरंत अपनी बड़ी भूल और गलती को स्वीकार किया। युवक ने एक नया वीडियो संदेश जारी करते हुए समाज से हाथ जोड़कर अपील की- मुझसे जो भी गलती हुई है, उसके लिए मुझे माफ करें। मेरे इस कृत्य की वजह से कोई भी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को खराब न करे। हमारे बीच का अमन-चैन हमेशा कायम रहना चाहिए। मैं, आइंदा इस तरह की कभी भी कोई वीडियो सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म पर पोस्ट नहीं करूंगा। बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों ने युवक को दोबारा ऐसी गलती न करने की सख्त हिदायत दी है। थाना प्रभारी बोले- मौलाना ने दी थी शिकायत, माफी मांगने पर वापस ली इस बारे में सनौली थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि यह घटना ईद वाले दिन की है। वीडियो सामने आने के बाद मस्जिद के मौलाना की तरफ से शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और अगले दिन ही आरोपी को ढूंढ निकाला। इसके बाद जब दोनों पक्ष आमने-सामने हुए तो वीडियो डालने वाले शख्स दीपक ने माफी मांग ली। उसने बताया कि वह नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। वीडियो पर ज्यादा से ज्यादा लाइक, शेयर पाने के लिए उसने इस तरह का हथकंडा आजमाया था। साथ ही माफी मांगते हुए दोबारा ऐसा कभी भी न करने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता पक्ष की तरफ से भी उसे माफी देते हुए शिकायत वापस ले ली गई।

