गढ़चिरौली में 10 लाख रुपये की इनामी दो महिला नक्सलियों का पुलिस के समक्ष समर्पण
- Admin Admin
- Jan 08, 2025

मुंबई, 08 जनवरी (हि.स.)। गढ़चिरौली जिले में बुधवार को 10 लाख रुपये की इनामी दो महिला नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया है। महाराष्ट्र सरकार ने महिला नक्सली शामला ज़ुरू पुडो उर्फ लीला पर आठ लाख रुपये और काजल मंगरू वड्डे उर्फ लिम्मी पर दो लाख रुपये का इनाम रखा था।
पुलिस के अनुसार शामला 2002 में नक्सली दलम में शामिल हुई और 2010 से सेक्शन कमांडर के रूप में कार्यरत थी। उसके खिलाफ 45 मामले दर्ज हैं, जिनमें मुठभेड़ के 21 मामले, आगजनी के 6 मामले और 18 अन्य मामले शामिल हैं। महाराष्ट्र सरकार ने उस पर आठ लाख रुपये का इनाम रखा था। काजल 2018 से नक्सली आंदोलन के सदस्य के रूप में काम कर रही थी। उस पर मुठभेड़ के 4 मामले, आगजनी का 1 मामला और तीन अन्य मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र सरकार ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम रखा था।
पुलिस बल की ओर से चलाये गए पुनर्वास अभियान के कारण अब तक 693 नक्सली गढ़चिरौली पुलिस बल के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं। 2025 के पहले सप्ताह में 13 माओवादी कैडरों ने अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने कहा कि इनमें से 11 वरिष्ठ नक्सलियों ने 1 जनवरी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव