
यमुनानगर, 6 जनवरी (हि.स.)। जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के सभी चारों मंडलों में भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तरीय संगठन चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई। सोमवार को यह जानकारी देते हुए हरियाणा सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि भाजपा के संगठन चुनावों की प्रक्रिया के अंतर्गत जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के सभी चारों मंडलों में भाजपा संगठन के बूथ स्तरीय चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हो गई है जिसके अंतर्गत बूथ प्रमुख,बूथ पालक,बूथ सचिव,बीएल 2 सहित बूथ समिति का गठन बूथ पर जाकर सर्वसम्मति से पारदर्शी तरीके से किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह बूथ स्तरीय संगठन चुनाव प्रक्रिया भाजपा संगठन के निर्देशानुसार की गई है। भाजपा में परिवारवाद के लिए कोई भी जगह नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता मेहनत करके किसी भी उच्च पद तक पहुंच सकता है। भाजपा संगठन के आंतरिक चुनावों के माध्यम से योग्य व सक्रिय भाजपा कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी जो कि भविष्य के बड़े नेताओं को तैयार करने का अवसर प्रदान करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग