भाजपा का विरोध जनमत का अपमान : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
- Admin Admin
- Dec 10, 2024

शिमला, 10 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं पर तीखा हमला करते हुए उनके विरोध प्रदर्शनों को प्रदेश के जनमत का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देकर सरकार बनाने का अधिकार दिया है और भाजपा का इस जनादेश का अनादर करना प्रदेश के लोगों की भावनाओं का अपमान है।
प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को सफल बताते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी पांच गारंटियों को पूरा कर दिया है और बाकी गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में सरकार के कार्यों की सराहना की।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि बिलासपुर में होने वाली कल की रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें प्रदेश सरकार अपने दो वर्षों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेगी और आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि यह रैली प्रदेश के विकास की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को उजागर करेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर प्रदेश के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को विकास रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की आक्रोश रैलियां पूरी तरह से असफल हो रही हैं क्योंकि इन्हें जनसमर्थन नहीं मिल रहा है।
प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से विशेष सहयोग न मिलने के बावजूद प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सीमित संसाधनों से विकास कार्य जारी रखने की सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार न केवल अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी, बल्कि सभी वादों को भी निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला