मिजोरम के नवनियुक्त राज्यपाल वीके सिंह ने राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
- Admin Admin
- Jan 21, 2025

नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.)। मिजोरम के नवनियुक्त राज्यपाल जनरल (सेवानिवृत्त) वी.के. सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मिजोरम के राज्यपाल का दायित्व संभालने के बाद जनरल सिंह की राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात थी।
राज्यपाल सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और विनम्र व्यवहार एक सच्ची प्रेरणा है। एक यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव।”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और मिजोरम के लिए उनका आशीर्वाद मांगा।”
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष दिसंबर माह में राष्ट्रपति ने पांच राज्यों में राज्यपालों की नियुक्तियां और फेरबदल को मंजूरी दी थी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया। पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को मणिपुर का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वहीं केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार भेजा गया था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार