
हिसार जेल में बंद, रोहतक के एसपी से मांगी सुरक्षा, दर्ज हैं कई केस
रोहतक, 19 जनवरी (हि.स.)। हिसार जेल में बंद एक खतरनाक अपराधी को रविवार को उसकी बहन की शादी में शामिल होने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ रोहतक के गांव निंदाना लाया गया। आरोपी चांद पर महम थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। हांसी के सिटी थाना में षड्यंत्र रचने का भी एक मामला चल रहा है। आरोपी की खतरनाक प्रवृत्ति को देखते हुए हांसी के एसपी ने रोहतक के एसपी को पत्र लिखकर विशेष सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस को आशंका थी कि आरोपी कस्टडी से भाग सकता है या उसके साथी उसे छुड़ाने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए महम थाना पुलिस को भी आरोपी की सुरक्षा में तैनात किया गया। पुलिस ने एक्सकॉर्ट के साथ आरोपी को शादी समारोह में शामिल होने की अनुमति दी और पूरे समय उसे सख्त निगरानी में रखा।
यह विशेष व्यवस्था इसलिए की गई ताकि आरोपी सुरक्षित रूप से शादी समारोह में शामिल हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और समारोह के बाद आरोपी को सकुशल जेल वापस भेज दिया।
चांद के खिलाफ गांव के ही एक युवक पर जानलेवा हमला करने का केस है। करीब ढाई साल पहले 2022 में चांद ने एक युवक पर फायरिंग की थी। जिसमें गांव का युवक बाल-बाल बच गया था। हालांकि गोली लगने के बाद वह घायल हो गया था। यह वारदात आपसी रंजिश में की गई थी। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से कोर्ट केस चला आ रहा था। इसलिए आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। चांद के दो भाई-दो बहन हैं। जिनमें से चांद सबसे बड़ा है। बड़ी बहन की शादी आज है। जिसमें शामिल होने के लिए चांद रविवार को अपने गांव आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल