
नई दिल्ली, 4 दिसंबर (हि.स.)। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के ऊपर हुए जानलेवा हमले की आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने विधानसभा में दिल्ली में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सुखबीर बादल पर हुए हमले पर कहा कि सुखबीर बादल के ऊपर किसी ने गोली चलाने की कोशिश की लेकिन पंजाब पुलिस की मुस्तैदी की वजह से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। पंजाब पुलिस ने न सिर्फ इस घटना को रोका बल्कि पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की है कि किस तरह से कानून-व्यवस्था को मुस्तैदी से बरकरार रखा जा सकता है।
इस घटना के बाद पूरी भाजपा पंजाब की कानून व्यवस्था पर बोलने लगी लेकिन दिल्ली में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर वह बिल्कुल चुप है।
दिल्ली विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बुधवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सदन में कहा कि आज पंजाब में एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया। पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के ऊपर किसी ने गोली चलाने की कोशिश की। पंजाब पुलिस की मुस्तैदी की वजह से और उनके अच्छे काम की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सुखबीर बादल सुरक्षित हैं। मैं इस घटना की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यहां एक बात साफ है कि पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। इसके पीछे बहुत बड़ी-बड़ी ताकतें शामिल हैं, जो पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करना चाहती हैं। आज जिस तरह से पंजाब पुलिस ने न सिर्फ इस घटना को रोका बल्कि पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की है कि किस तरह से कानून-व्यवस्था को मुस्तैदी से बरकरार रखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी