यमुनानगर में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी यूनियनें भिड़ी, कमरा दूसरी यूनियन काे देने पर विवाद
- Admin Admin
- Jan 14, 2025

यमुनानगर, 14 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा लोक निर्माण विभाग अधिकारियाें द्वारा एक यूनियन का कमरा दूसरी यूनियन को अलाट किए जाने पर विवाद हो गया। विवाद के चलते अपने ही विभाग के उपमंडल अधिकारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को जानकारी देते हुए हरियाणा लोक निर्माण विभाग मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के जिला सचिव वेद प्रकाश ने बताया कि जगाधरी कार्यालय में यूनियन का एक कमरे में कार्यालय है। जिसमें हर महीने की 7 तारीख को कर्मचारियों की यूनियन संबंधी बैठक होती है। जब यहां 7 जनवरी को कर्मचारी आए तो उस कमरे का ताला तोड़कर एक दूसरा ताला लगा मिला। जिसको लेकर इसकी शिकायत हमने जगाधरी कार्यालय के उपमंडल अधिकारी परविंदर सिंह को दी और कार्यकारी अभियंता सौरभ अहलावत के भी संज्ञान में मामले को लेकर आए । लेकिन इसको लेकर उप मंडल अधिकारी परविंदर सिंह द्वारा इसकी जांच और उचित कार्रवाई न किए जाने के चलते यह धरना प्रदर्शन किया गया है और यह आगे भी तब तक जारी रहेगा जब तक इसकी जांच नहीं होती और कोई समाधान नहीं निकलता। उन्होंने उप मंडल अधिकारी पर भी उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
वहीं विभाग के उप मंडल अधिकारी परमिंदर सिंह ने कहा कि यूनियन के जो कर्मी यहां पर धरना दे रहे हैं, वह इस कार्यालय से सम्बंधित नहीं है। उन्होंने कहा कि अभियंता अधिकारी सौरभ अहलावत के आदेश पर कल इस कमरे का ताला खुलवा दिया गया था। यूनियन के एक कर्मी के द्वारा अभद्र व्यवहार और दबंगई मुख्य विवाद का कारण है। जिसके खिलाफ पुलिस में भी शिकायत है। यूनियन के द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग