हिसार : मुख्यमंत्री का बजट से पूर्व विभिन्न वर्गों के सुझाव लेना सराहनीय : आशा खेदड़
- Admin Admin
- Jan 16, 2026
शहर का आधुनिकतम टाउन पार्क जनता को समर्पित किए जाने का स्वागत
हिसार, 16 जनवरी (हि.स.)। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी द्वारा बजट से पूर्व आम जनता के सुझाव लिए जाने का स्वागत करते हुए
इसे सराहनीय बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह सुझाव लिए जाने से बजट को जनता के अनुरूप
बनाने में मदद मिलती है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने शुक्रवार काे कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले
दो वर्षों से लगातार बजट पूर्व सुझाव ले रहे हैं। इसके तहत वे पंचायत व जिला परिषद
सदस्यों, प्रगतिशील किसानों सहित अन्य बुद्धिजीवियों से सुझाव ले रहे हैं।
इन वर्गों
से मिले सुझावों को बजट में शामिल किया जाता है ताकि आम जनता के अनुरूप बजट बनें और
बजट से जनता को राहत मिले। उन्होंने हिसार में विभिन्न वर्गोें के सुझाव लेने को सराहनीय
बताते हुए कहा कि दो स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों ने मुख्यमंत्री
को बजट बारे अमूल्य सुझाव दिए।
जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने शहर का नवीनतम टाउन पार्क जनता को समर्पित किए
जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शहर के टाउन पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त
बनाया गया है ताकि शहर का हर नागरिक इसकी सुंदरता व सुविधाओं का लाभ उठा सके।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी बजट
से पूर्व सुझाव लेने के मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री
का यह कार्यक्रम सबका साथ-सबका विश्वास व सबका विकास की नीति को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



