अंबरनाथ नगर परिषद के 12 कांग्रेसी पार्षद भाजपा में शामिल
- Admin Admin
- Jan 08, 2026
मुंबई, 08 जनवरी (हि.स.)। अंबरनाथ नगर निगम के चुनाव में हाल ही में विजई हुए कांग्रेस 12 पार्षद गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इन सभी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और मंत्री गणेश नाइक की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र पाटिल ने कहा कि यह सभी पार्षद अंबरनाथ में विकास के इरादे से भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी में इन सभी को सम्मान दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को कांग्रेस के 12 कांग्रेसी पार्षदों ने अंबरनाथ नगर निगम में भाजपा का नगराध्यक्ष बनाए जाने के लिए समर्थन दिया था। इसकी जानकारी मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सपकाल ने कल ही इन सभी को पार्टी से निलंबित कर दिया था। इसके बाद इन सभी ने बुधवार रात को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण से मुलाकात की थी। इसके बाद इन सभी ने नवी मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में प्रवेश किया है। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेसी पार्षदों में प्रदीप नाना पाटिल, दर्शना उमेश पाटिल, अर्चना चरण पाटिल, हर्षदा पंकज पाटिल , तेजस्विनी मिलिंद पाटिल , विपुल प्रदीप पाटिल , मनीष म्हात्रे , धनलक्ष्मी जयशंकर , संजवानी राहुल देवड़े , दिनेश गायकवाड़ , किरण बद्रीनाथ राठौड़ और कबीर नरेश गायकवाड़ शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मंत्री गणेश नाइक, संजीव नाइक और दीपेश म्हात्रे आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



