सारण में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से 17608 महिला लाभान्वित
- Admin Admin
- Nov 28, 2025



सारण, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिले की 17,608 महिलाओं को प्रथम किस्त की राशि जारी कर दी गई है। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है, जो महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रारंभिक पूंजी प्रदान करेगी।
सारण जिले में अब तक कुल 5,11,229 महिलाएँ इस महत्वपूर्ण योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं, जो जिले में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक उपलब्धि है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्टिंग के माध्यम से जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंडों में किया गया। इस लाइव प्रसारण से जिले की हजारों महिलाएँ सीधी जुड़ीं, जिन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश और योजना के महत्व को सुना। यह भागीदारी दर्शाती है कि जिले की महिलाएँ इस योजना के प्रति कितनी उत्साहित और जागरूक हैं।
इस अवसर पर समाहरणालय सभागार, छपरा में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छपरा विधायक छोटी कुमारी, जिलाधिकारी अमन समीर और उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। सभागार में सैकड़ों जीविका दीदियाँ भी उपस्थित थीं जो स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी हुई हैं।
जिलाधिकारी अमन समीर ने इस अवसर पर कहा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। सारण जिले में 5 लाख से अधिक महिलाओं का लाभान्वित होना यह सिद्ध करता है कि हमारी महिलाएँ अब रोज़गार सृजन की ओर बढ़ रही हैं। प्रथम किस्त प्राप्त करने वाली सभी 17,608 महिलाओं को उनके नए उद्यमों के लिए शुभकामनाएँ।
उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल ने योजना के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया और जीविका दीदियों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह राशि महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने, अपने मौजूदा व्यवसायों का विस्तार करने और परिवार की आय बढ़ाने में मदद करेगी। यह योजना महिलाओं को ₹10,000 की शुरुआती अनुदान राशि प्रदान करती है, जिसके प्रदर्शन के आधार पर बाद में अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी दी जा सकती है। सारण की महिलाओं में इस योजना को लेकर उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार



