एआई की मदद से लोकल पास बनाने वाले इंजीनियर दंपति गिरफ्तार
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। कल्याण रेलवे पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके वातानुकुलित लोकल रेलवे का पास बनाने के मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों पति-पत्नी उच्च शिक्षित और सम्मानजनक पद पर कार्यरत हैं। इस मामले की छानबीन कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
कल्याण रेलवे पुलिस के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कल्याण रेलवे स्टेशन पर टिकट निरीक्षक विशाल नवले ड्युटी पर थे। उन्होंने बुधवार को लोकल में सफर कर रहे ओमकार शर्मा (30) और उनकी पत्नी गुडिय़ा शर्मा (28) को टिकट दिखाने को कहा। इसके बाद दोनों अपने मोबाईल पर वातानुकूलित दर्जे का पास दिखाया। इसके बाद टीसी विशाल नवले इन दोनों पास को रेलवे के एप पर कंफर्म करना चाहते थे, लेकिन कंफर्म नहीं हो पा रहा था। इससे टीसी नवले को शक को गया और उन्होंने दोनों को कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों एआई एप का इस्तेमाल कर दोनों ने नकली पास बनाया था। इसके बाद कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए ओमकार शर्मा इंजीनियर हैं, जबकि गुड़िया शर्मा एक बैंक में सेल्स मैनेजर के तौर पर काम करती हैं। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



