250 किसान आधुनिक कृषि तकनीक का प्रशिक्षण लेने रवाना
- Rahul Sharma
- Aug 21, 2026
जम्मू। कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सहकारिता तथा निर्वाचन विभाग के मंत्री जावेद अहमद डार ने शुक्रवार को 250 किसानों के दल को सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ टेंपरेट हॉर्टिकल्चर (सीआईटीएच), रंगरेथ में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रवाना किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से परिचित कर उनकी तकनीकी क्षमता को मजबूत करना है। इस अवसर पर लाल चौक के विधायक शेख एहसान अहमद परदेसी भी मौजूद रहे। किसान सलाहकार बोर्ड, जम्मू-कश्मीर की ओर से आयोजित प्रशिक्षण के दौरान किसान कृषि एवं बागवानी विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों से बातचीत करेंगे तथा फसल उत्पादन से जुड़ी स्थानीय समस्याओं और चुनौतियों के समाधान पर चर्चा करेंगे।
जावेद डार ने किसानों के निरंतर क्षमता निर्माण और नई कृषि तकनीकों की जानकारी हासिल करने को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को बेहतर फसल प्रबंधन, उर्वरकों व कीटनाशकों के संतुलित उपयोग, उन्नत तकनीकों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी मिलती है। उन्होंने प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के साथ उत्पादकता, उपज की गुणवत्ता और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। मंत्री ने किसानों से विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों के साथ खुलकर संवाद करने तथा अपनी क्षेत्रीय समस्याएं साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान संस्थानों, विस्तार एजेंसियों और किसानों के बीच मजबूत संपर्क से वैज्ञानिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर निदेशक बागवानी कश्मीर, सचिव किसान सलाहकार बोर्ड, निदेशक कृषि कश्मीर, प्रबंध निदेशक जेकेएचपीएमसी, निदेशक जेएंडके हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

