चुराचांदपुर में 40 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट

इंफाल, 31 दिसंबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस, वन विभाग, सीआरपीएफ तथा कार्यपालक मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप उप-मंडल अंतर्गत थांगजिंग पहाड़ी श्रृंखला के मोंगकेन क्षेत्र में 40 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को मंगलवार को नष्ट किया।

पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया कि यह कार्रवाई राज्य में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। दुर्गम पहाड़ी इलाके में फैली अफीम की फसलों को टीम ने पूरी तरह उखाड़कर नष्ट कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, मौके से छह अफीम के डोडे भी बरामद किए गए हैं। कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए यह अभियान संपन्न किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध नशीली फसलों की खेती पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस संबंध में किसी भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश