सूरजपुर : रोजगार मेले में 56 युवाओं का प्राथमिक चयन, 125 पदों के लिए हुए साक्षात्कार
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। मंगलवार को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सूरजपुर द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) सूरजपुर में एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं द्वारा कुल 125 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए।
रोजगार मेले में ऑनलाइन आवेदन करने वाले 183 अभ्यर्थियों में से 107 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए उपस्थित हुए। विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता एवं दक्षता के आधार पर उनका साक्षात्कार लिया।
साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद कुल 56 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में रोजगार मिलने की संभावना से उत्साह देखा गया, वहीं अन्य अभ्यर्थियों को भी भविष्य में उपलब्ध होने वाले रोजगार अवसरों की जानकारी प्रदान की गई।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र की संस्थाओं से जोड़ने के उद्देश्य से लगातार ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और उन्हें रोजगार की दिशा में बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

