राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भुवनेश्वरी के छात्र रहे प्रथम
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
पौड़ी गढ़वाल, 6 दिसंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित 17वीं राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय भुवनेश्वरी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग नाट्य भगवदज्जुकीयम में विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कनिष्ठ वर्ग नाट्य बालचरितम में भी विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही वरिष्ठ वर्ग में पूरे राज्य में सर्वश्रेष्ठ अभिनय पुरस्कार विद्यालय के छात्र हेमन्त को शाण्डिल्य की भूमिका के लिए प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागियों ने आचार्य नवीन ममगाई एवं आचार्य अनूप कुकरेती के निर्देशन में प्रतिभाग किया। आचार्य नवीन ममगाई ने बताया कि यह उपलब्धि जनपद, विकासखण्ड और विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
बताया कि वरिष्ठ अध्यापक नवीन जुयाल एवं अनुसूया प्रसाद सुन्दरियाल के मार्गदर्शन में निरन्तर उत्कृष्टता की दिशा में कार्य किया जाता है। विद्यालय प्रबंधक राजेन्द्र जुयाल ने सभी छात्रों व अध्यापकों को हार्दिक बधाई दी। प्रधानाचार्य अनसूया प्रसाद ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के अध्यापकों और छात्रों के परिश्रम और समर्पण का सुखद परिणाम है।
वरिष्ठ अध्यापक नवीन जुयाल ने छात्रों के बेहतरीन प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले लगभग 17 वर्षों से विद्यालय का रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है। प्रारम्भ में कुछ छात्रों के साथ शुरू हुई यह यात्रा अब निरंतर प्रगति के साथ आगे बढ़ रही है हम सभी के लिए यह गौरव का क्षण है। छात्रों के बेहतरीन प्रदर्शन पर शिक्षक कमलदीप, ईशान डोभाल, नीरज पटवाल, आशीष डबरा, अंकित मैठाणी आदि ने भी सभी विजेता छात्रों को शुभकामनाएं दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह



