विक्रम संवत को आधिकारिक भारतीय नववर्ष घोषित करने की उठाई मांग
- Neha Gupta
- Jan 01, 2026

जम्मू, 01 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर के प्रदेश सचिव पवन शर्मा ने कैलेंडर नववर्ष 2026 के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों के उत्तम स्वास्थ्य, शांति, समृद्धि और सामूहिक प्रगति की कामना की। अपने संदेश में पवन शर्मा ने कहा कि भले ही कैलेंडर नववर्ष पूरी दुनिया में मनाया जाता है लेकिन अब समय आ गया है कि भारत अपनी सभ्यतागत चेतना को पुनः स्थापित करते हुए विक्रम संवत के अनुसार भारतीय नववर्ष को आधिकारिक मान्यता दे। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत भारत की प्राचीन, वैज्ञानिक और समय-परीक्षित कालगणना प्रणाली पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि विक्रम संवत केवल एक परंपरागत पंचांग नहीं बल्कि खगोल विज्ञान, गणित और प्राकृतिक चक्रों पर आधारित एक विकसित प्रणाली है। इसे आधिकारिक मान्यता देना भारत की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक निरंतरता और बौद्धिक परंपरा के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। पवन शर्मा ने कहा कि इस पहल से राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक आत्मचेतना को बल मिलेगा तथा वैश्विक मंच पर भारत की पहचान एक प्राचीन सभ्यता के रूप में और सशक्त होगी। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि वर्तमान नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सुदृढ़ कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अंग्रेजी कैलेंडर का प्रभुत्व औपनिवेशिक विरासत का प्रतीक है और भारतीय कालगणना को अपनाना वास्तविक बौद्धिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक आत्मसम्मान का संकेत होगा। अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्ष 2026 भारत की सांस्कृतिक पुनर्जागरण, राष्ट्रीय एकता और विकसित राष्ट्र की दिशा में नई उपलब्धियां लेकर आएगा।



