आगरा के युवक ने यमुना में कूदकर महिला की बचाई जान

फिरोजाबाद, 05 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जनपद में थाना बसई मौहम्मदपुर क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को आगरा के एक साहसी युवक ने यमुना में डूब रही एक वृद्ध महिला को अपनी तत्परता से बचा लिया। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला को बचाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जनपद आगरा के फतेहाबाद निवासी सोनू (26) ने बताया कि वह सोमवार को अपने दोस्तों के साथ कार से क्रिकेट खेलने के लिए फिरोजाबाद आ रहा था। जैसे ही उसकी कार सोफीपुर यमुना पुल के पास पहुंची तभी वहां भीड़ देख उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी। गाड़ी से उतरकर देखा तो पता चला कि एक वृद्ध महिला यमुना नदी में डूब रही है। यह देख सोनू कपड़े उतारकर नदी में कूद गया। वह तैरकर वृद्ध महिला के पास पहुंचा और महिला को पकड़कर तैरते हुए किसी तरह नदी से बाहर लेकर आया।

सोनू ने बताया कि उसके दोस्त विजय सिंह ने डायल-112 पर कई बार फोन लगाया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। फिर सूचना थाना बसई मोहम्मदपुर पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में एंबुलेंस से अस्पताल लेकर आई। सोनू और उसके दोस्त भी अस्पताल आ गए। वृद्ध महिला की पहचान पहाड़पुर निवासी मुनिया देवी के रूप में हुई है। महिला पारिवारिक विवाद के बाद यमुना में कूदी थी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

इधर महिला को इस भीषण सर्दी में अपनी जान की परवाह किए बिना यमुना नदी से निकालकर लाने का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस साहसी युवक के इस कार्य की जमकर सराहना कर रहे है।

इंस्पेक्टर कृष्ण स्वरूप पाल ने बताया युवकों के साहस और सूझबूझ की वजह से महिला की जान बचाई जा सकी है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़