अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 'समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा' विषयक प्रस्ताव पारित
- Admin Admin
- Nov 27, 2025
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षा, समाज, पर्यावरण, सेवा, खेल, तकनीकी जैसे प्रमुख समसामयिक विषयों की चर्चा हुई। बैठक में 'समाज परिवर्तन का वाहक बने युवा' को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में इस वर्ष चले वृहद सदस्यता अभियान पर देशभर से आए प्रतिनिधियों ने अनुभव साझा किए। राष्ट्रीय अधिवेशन में रखे जाने वालों प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेश से पहले आज राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक देहरादून के परेड ग्राउंड पर बसाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर में हुई। बैठक का शुभारंभ अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी और राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह मुकुंद सीआर भी उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थी परिषद की संगठनात्मक संरचना के अनुसार 46 प्रांतों से कुल 4 सौ 68 प्रतिनिधि शामिल हुए।
अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो राजशरण शाही ने राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक के उद्घाटन सत्र में कहा कि अभाविप ने शैक्षिक, सामाजिक व अन्य क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। अभाविप की यह बैठक ज्ञान, साधना, संस्कार और गंगा-यमुना के उद्गम स्थल की भूमि पर आयोजित की जा रही है, जिससे हम सभी के भीतर भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है। भारतीय संस्कृति के अनुरूप भारतीय युवाओं का मानस बने इसके लिए भारतीय मूल्यों के आधार पर नेतृत्व आवश्यक है और अभाविप इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि अभाविप की इस राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में देशभर से आए कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक और कार्यक्रयात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया। बैठक और अधिवेशन के माध्यम से विद्यार्थी परिषद के कार्य को तेज़ गति मिलने वाली है। बैठक में आए प्रतिनिधि कार्यकर्ता अपने केंद्रों पर सम्पूर्ण दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर सभी शैक्षिक संस्थानों व समाज तक विद्यार्थी परिषद का संदेश पहुंचाएंगे। एक नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आगे बढ़ेंगे और निश्चित रूप में देशभर में छात्रशक्ति तीव्र गति से आगे बढ़ने वाली है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल



