आधार सेवा से डिजिटल सशक्तीकरण को मिलेगी नई मजबूती: ओमप्रकाश राजभर
- Admin Admin
- Jan 21, 2026
लखनऊ की दो ग्राम पंचायतों से आधार सेवाओं का शुभारंभ
लखनऊ,21 जनवरी (हि.स.)। पंचायती राज विभाग प्रदेश की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी क्रम में ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत करते हुए एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल को धरातल पर उतारा गया है।प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्लॉक सरोजनीनगर की ग्राम पंचायत भटगनवां पांडेय तथा चिनहट ब्लॉक की सैरपुर ग्राम पंचायत में आधार सेवाएं सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई हैं। इन दोनों ग्राम पंचायतों में अब तक 40 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें अब शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि “ग्राम स्तर पर आधार सेवाओं की शुरुआत ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल न केवल समय और संसाधनों की बचत करेगी, बल्कि पंचायतों को आत्मनिर्भर और सक्षम भी बनाएगी।”यह पहल पंचायत स्तर पर नागरिक सेवाओं की सहज, पारदर्शी और सुलभ उपलब्धता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। विभाग की योजना के अनुसार, पहले चरण में प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 800 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है। आधार सेवाओं की यह शुरुआत पंचायतों को नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के हर गांव तक पहुँचेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



