सभी पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए: जिलाधिकारी
- Admin Admin
- Jan 18, 2026

जौनपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गहन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 के तहत रविवार, को विशेष अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के वाचन कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 366-जौनपुर के अंतर्गत टी.डी. पी.जी. महिला कॉलेज (बूथ संख्या 509-512), टी.डी. इंटर कॉलेज (बूथ संख्या 498-504) और सरस्वती शिशु मंदिर (बूथ संख्या 458-467) का दौरा किया। इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र 364-बदलापुर के प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाज़ार बदलापुर स्थित बूथ संख्या 137, 138 और 139 सहित अन्य बूथों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित बीएलओ, बीएलए और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत की। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में फॉर्म-6 भरवाकर युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. चंद्र ने दिव्यांग मतदाताओं और महिला मतदाताओं की भी अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल किया जाना चाहिए। इसी क्रम में, जनपद के समस्त मतदेय बूथों पर बीएलओ द्वारा जनमानस की उपस्थिति में मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन और ए.एस.डी. सूची का वाचन किया गया। यह कार्य मतदाताओं को अपनी जानकारी सत्यापित करने का अवसर प्रदान करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



