वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दुर्गापुर तथा आसनसोल नगर निगम की आशा कर्मी की हड़ताल
- Admin Admin
- Dec 23, 2025
आसनसोल, 23 दिसंबर (हि. स.)।
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आसनसोल नगर निगम तथा दुर्गापुर नगर नगम में आशा कर्मी (स्वास्थ्य कर्मियों) ने मंगलवार से काम का बहिष्कार शुरू कर दिया। नगर निगम के स्वास्थ्यकर्मी ठेकेदारी संगठन के आह्वान पर कर्मचारियों ने काम बंद कर दुर्गापुर तथा आसनसोल नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 150 नगरनिगम के स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
इस संबंध में पश्चिम बंगाल नगर स्वास्थ्यकर्मी ठेकेदारी संगठन की संयुक्त सचिव केका पाल ने कहा कि हमारी मांगें पूरी न होने तक हम हड़ताल वापस नहीं लेंगे। दुर्गापुर के साथ-साथ पूरे राज्य में हड़ताल जारी है।
हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
आसनसोल नगर निगम अंतर्गत आशा कर्मियों ने अनिश्चितकाल के लिए काम बंद करने का आह्वान किया। आज आशा कर्मी आसनसोल नगर निगम पहुंचे और बताया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता। तीन से चार महीने का वेतन एक बार में दिया जाता है, वह भी पूरा वेतन नहीं मिलता।
इसके अलावा, जितना काम वे करते हैं, उसके मुकाबले उन्हें उचित पारिश्रमिक नहीं मिलता। इन मुद्दों पर उन्होंने पहले भी आंदोलन किया है, लेकिन अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया। इसलिए उन्होंने अनिश्चितकाल के लिए काम बंद करने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा



