धमतरी : कुरूद में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई

धमतरी, 25 दिसंबर (हि.स.)। धमतरी में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती गुरुवार को नगर पालिका कुरूद के नवनिर्मित चौक पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू सहित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और नगरवासियों ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत “अटल जी अमर रहें” के जयकारों और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी की विशालकाय प्रतिमा का विधिवत पूजन कर माल्यार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने अटल बिहारी वाजपेयी को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन करते हुए कहा कि अटल ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से भारतीय राजनीति को देशहित और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखने वाला सशक्त विकल्प दिया। उन्होंने कहा कि भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाना हो या सुशासन की अवधारणा को साकार करना, अटल के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने विरासत और विज्ञान को एक साथ आगे बढ़ाने वाला प्रभावी गवर्नेंस मॉडल देश के सामने प्रस्तुत किया। अटल भारतीय राजनीति में लोकसेवा और संगठन शक्ति के ऐसे अमिट हस्ताक्षर हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम में विपक्ष के वरिष्ठ पार्षद मनीष साहू ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में रहने वालों को अटल द्वारा बताए गए राष्ट्रसेवा के मार्ग को आत्मसात करना चाहिए। अपने उद्बोधन के पश्चात उन्होंने कवि अटल की एक कविता का पाठ कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श, राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्य आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि चाहे हम किसी भी दल से जुड़े हों, अटल के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने पूरे मंडल और कार्यकर्ताओं की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सभापति मिथलेश बैस, राजकुमारी दीवान, पार्षद मनीष साहू, कविता चंद्राकर, राजू मानिकपुरी, मालक राम साहू, विद्या देवांगन, सांसद प्रतिनिधि सूरज देवांगन, प्रेस क्लब कुरूद के अध्यक्ष बसंत ध्रुव, कुरूद प्रेस क्लब अध्यक्ष मूलचंद सिन्हा, उपाध्यक्ष चंदन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अजय केला, गणेश साहू, विकास चंद्राकर, भारत भूषण पंचायन, विनोद चंद्राकर, पंकज नायडू, रवि चंद्राकर, भूमिका सिन्हा सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा