मुनीश त्रिपाठी की पुस्तक ‘आंबेडकर, हिंदुत्व और भारत’ का हुआ विमोचन

औरैया, 17 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के नगर दिबियापुर निवासी लेखक, इतिहासकार एवं स्तंभकार मुनीश त्रिपाठी की पुस्तक ‘आंबेडकर, हिंदुत्व और भारत’ का विमोचन शनिवार काे दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेला परिसर में किया गया। विमोचन समारोह में देश के ख्यातिप्राप्त विद्वानों, लेखकों और बड़ी संख्या में श्रोता व पाठक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुस्तक पर केंद्रित एक विचार पर परिचर्चा की गई।

मुख्य अतिथि एडिटर क्लब इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रख्यात पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री रहे। उन्होंने पुस्तक पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर महान देशभक्त और युगद्रष्टा महापुरुष थे। उन्होंने भारतीय आत्मतत्व के अनुरूप अपने समस्त कार्य किए और कभी भी भारत की अस्मिता के विरुद्ध कोई कदम नहीं उठाया।

अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा कि अनेक प्रलोभनों के बावजूद डॉ. आंबेडकर ने भारत की भूमि पर जन्मे धर्म को ही अपनाया, जो उनके राष्ट्रवादी चिंतन को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में डॉ. आंबेडकर को एक बड़ा वर्ग भगवान के समान मानता है, जो महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों को भी प्राप्त नहीं हो सका।

लेखक मुनीश त्रिपाठी ने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने डॉ. आंबेडकर के जीवन से जुड़े अनेक अनछुए तथ्यों को प्रमाणों सहित प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। उनका कहना था कि देश में वामपंथी और तथाकथित प्रगतिशील बुद्धिजीवी अक्सर डॉ. आंबेडकर को अपनी विचारधारा के निकट और हिंदुत्व विरोधी के रूप में प्रस्तुत करते हैं, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल विपरीत है। डॉ. आंबेडकर ने तत्कालीन भारत की गंभीर समस्याओं पर राष्ट्रहित में समाधान प्रस्तुत कर अपने प्रखर देशभक्त होने का प्रमाण दिया।

दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. प्रवीण तिवारी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर वामपंथ के प्रखर विरोधी थे और संस्कृत भाषा को राजभाषा बनाए जाने के पक्षधर थे। इसके बावजूद वामपंथी विचारधारा के लोग उन्हें अपने निकट दर्शाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि लेखक मुनीश त्रिपाठी ने डॉ. आंबेडकर के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को शोधपरक ढंग से प्रस्तुत किया है, जिसे प्रत्येक जागरूक नागरिक को अवश्य पढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुरुचि प्रकाशन के सीईओ अंकुर पाठक द्वारा लेखक एवं मंचासीन अतिथियों के स्वागत से हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार राहुल कौशिक ने किया। इस अवसर पर सपोर्टिंग हैंड्स फाउंडेशन के सचिव आशीष मिश्रा, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. उमेश द्विवेदी, डॉ. सौरभ सहित अनेक विद्वान एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार