जींद : ऑनलाइन पॉलिसी के विरोध में बिफरे बिजली निगम कर्मचारी

जींद , 12 दिसंबर (हि.स.)। एचएसईबी वर्कर यूनियन केंद्रीय परिषद के आह्वान पर शुक्रवार को बिजली निगम कर्मियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मियों ने निर्णय लिया कि आगामी 16 दिसंबर तक ऑपरेशन सब डिवीजन सिटी जींद कार्यालय प्रांगण में सुबह 10 से 12 बजे तक दो बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारी बिजली कर्मियों को संबोधित करते हुए प्रधान सुरेंद्र ने कहा कि सरकार ने जो ऑनलाइन पॉलिसी लागू करने की बात कही है वह बिजली बोर्ड के लिए खतरे की घंटी है। यह ऑनलाइन पॉलिसी तो शिक्षा विभाग में जरूरी है। अध्यापकों को तो कुर्सी पर बैठ कर शिक्षा देनी है जबकि बिजली विभाग में तो खंभे पर चढ़ कर काम करना है। आज कर्मी का एक एरिया चेंज कर देते हैं तो उसे बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्योंकि लाइनमैन को एरिया की अधिक जानकारी नही होती है। ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है।

लाइन पर काम करते हुए कई साथियों के साथ हादसे भी हो चुके हैं। यब बहुत खतरे का काम है। अगर सरकार ने यह पॉलिसी लागू की तो दुर्घटनाएं अधिक बढ़ जाएंगी। सरकार से मांग करते हैं कि ऑनलाइन पॉलिसी को बंद कर दें। बिजली निगम में हर तरह की ऑनलाइन पालिसी बंद की जाए। सुनील कुमार, अनिल कुमार, राजेश कुमार ने कहा कि विभाग में ऑनलाइन पॉलिसी को लागू नही होने दिया जाएगा। इस पॉलिसी में बहुत सी खामियां है। टैक्रीकल कर्मचारी को ऑनलाइन पॉलिसी में लिया गया तो दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ जाएगी। इसलिए सरकार से मांग करते हैं कि इस पॉलिसी को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। मांग पूरी नही हुई तो वो ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा