आगरा : आश्रम परिसर में मंदिर सेवादार की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, मचा हड़कम्प
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
आगरा, 28 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में एक आश्रम स्थित माता मंदिर के सेवादार की दिनदहाड़े आश्रम परिसर में ही सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर विधिक करवाई की जा रही है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी।
आगरा में रविवार को थाना क्षेत्र पिनहट अंतर्गत ग्राम बिप्रावली बीहड़ क्षेत्र के जंगलों में स्थित रोहई आश्रम चौमुखा माता मंदिर के भगत की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई। हत्या उस समय की गई जब वह जमीन पर अपने बिस्तर पर लेटे हुए थे। घटना सायं करीब 4 बजे की बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है, घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
मृतक सेवादार का नाम पातीराम कुशवाहा (70) पुत्र चंद्रभान निवासी ग्राम विप्रावली थाना पिनाहट बताया गया, जो करीब 20 वर्षों से चौमुखा माता मंदिर में सेवा कार्य से जुड़े हुए हैं। अभी तक घटना के संबंध में हत्या का कारण तथा हमलावरों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। हत्या की सूचना पर मौके पर डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल, मय पुलिस बल के पहुंच गए। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और हमलावरों के संबंध में जानकारी हासिल की जा रही है
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि चौमुखा माता मंदिर के पुजारी की हत्या की सूचना पर पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है, साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। हत्या के पीछे कारणों तथा हत्यारों के बारे में मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay



