कबिंद्र पुरकायस्थ के निधन को लेकर गुरुवार को भाजपा के सभी कार्यक्रम रद्द

गुवाहाटी, 7 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के असम में संस्थापकों में से एक पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक कबिंद्र पुरकायस्थ के आज निधन से पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परलोक गमन से प्रदेशभर के कार्यकर्ता गहरे रूप से मर्माहत हैं।

दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने 8 जनवरी को होने वाले सभी पार्टी कार्यक्रमों को रद्द करने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया है कि उक्त दिन सभी पार्टी कार्यालयों में पार्टी का ध्वज झुकाकर रखा जाएगा।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि कबिंद्र पुरकायस्थ का योगदान संगठन के निर्माण और विस्तार में अविस्मरणीय रहेगा तथा उनके आदर्श सदैव कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश