घगवाल में गोवंश तस्करी का कथित प्रयास विफल तीन मवेशी मुक्त चालक फरार
- Editor Chief
- Aug 21, 2026
घगवाल, 21 अगस्त। घगवाल पुलिस और गौ रक्षा दल के सदस्यों ने गोवंश की कथित तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से तीन मवेशियों को मुक्त करवाया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन नंबर JK02AC-5657 में तीन गोवंश लदे हुए थे और वाहन कठुआ से जम्मू की ओर जा रहा था। घगवाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत टपयाल नाके पर तैनात पुलिस टीम को देखकर चालक ने कथित रूप से वाहन की गति बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस टीम और गौ रक्षा दल के सदस्यों ने वाहन का पीछा किया तथा कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। वाहन की तलाशी के दौरान तीन गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित मुक्त करवाया गया। गौ रक्षा दल के सदस्य अमित आचार्य ने कहा कि संगठन के सदस्य अपनी जान की परवाह किए बिना दिन-रात गो-तस्करी के प्रयासों को विफल करने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से गोमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने और गोवंश की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की।पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की पहचान और तलाश के प्रयास जारी हैं।

