अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्रा; खराब मौसम के चलते लगातार तीसरे दिन भी बंद रही

जम्मू, 22 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और खराब मौसम के कारण श्री अमरनाथ यात्रा, श्री माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्राओं को अगले आदेश तक रोकने का निर्णय बरकरार रखा है।  अधिकारियों के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा भारी वर्षा और खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद यह एहतियाती कदम उठाया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

 


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जम्मू, उधमपुर और रामबन से अमरनाथ यात्रा के लिए किसी भी नए जत्थे को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, कटड़ा में भी माता वैष्णो देवी यात्रा को रोक दिया गया है और श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू होने तक बेस कैंप व आवास स्थलों पर ही रुकने की अपील की गई है। शिव खोरी यात्रा भी सुरक्षा कारणों से स्थगित रखी गई है। 
प्रशासन ने कहा है कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्गों का सुरक्षा आकलन पूरा होने के बाद ही यात्राओं को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और बिना अनुमति यात्रा मार्गों की ओर न जाएं।