आसनसोल, 11 दिसंबर (हि.स.)। आसनसोल नगर निगम की तरफ से गुरुवार को एक जरूरी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पूरे राज्य के साथ-साथ आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के लिए भी पथश्री परियोजना का उद्घाटन किया गया।
इस बैठक में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीम उल हक विभिन्न विभागों के एमएमआईसी बोरो चेयरमैन तथा आसनसोल नगर निगम के अन्य अधिकारी और राज्य सरकार के इस परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। यहां पर इस परियोजना को लेकर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में इस परियोजना के तहत किस तरह से काम होगा और किस-किस वार्ड में इसके तहत सड़क बनाई जाएगी या उनकी मरम्मत की जाएगी। इस बारे में डिप्टी मेयर वसीम उल हक ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्य के लोगों के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी परियोजना चलाई जाती हैं। पथश्री भी ऐसी ही एक परियोजना है।
उन्होंने कहा कि इसके जरिए आसनसोल नगर निगम को 254 कार्य उपलब्ध हुए हैं और इसके लिए 105 करोड रुपए आवंटेड किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में तकरीबन 200 किलोमीटर रास्ते के निर्माण या मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
वसीम उल हक ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा 100 के लगभग जनकल्याणकारी परियोजना चलाई जाती हैं। उनमें से कई परियोजनाओं को विश्व स्तर पर मान्यता और स्वीकृति मिल चुकी है। ऐसे में दूसरे राज्य मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनकल्याणकारी परियोजनाओं के नकल करते हैं।
वसीम उल हक ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदर्शों पर चलते हुए आसनसोल नगर निगम भी हमेशा लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा और सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करता रहता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा



