आसनसोल पहुंची महिला उत्पीड़न के खिलाफ शुरू हुई अंगीकार यात्रा
- Admin Admin
- Dec 12, 2025
आसनसोल (पश्चिम बर्धमान), 12 दिसंबर (हि. स.)।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता के साथ जागो नारी जागो अभियान के तहत ऐतिहासिक रैली अंगीकार यात्रा शुरू हुई है। शुक्रवार रात पुरुलिया जिले से शुरू हुई यह यात्रा शनिवार को आसनसोल शहर में पहुंची।
पश्चिम बंगाल में बढ़ते महिला अत्याचारों के खिलाफ यह रैली शक्ति और एकजुटता का प्रतीक बन गयी है। रैली की शुरुआत आसनसोल रेलवे स्टेशन से हुई। जहां हजारों महिलाएं हाथों में पोस्टर, बैनर और नारे लिखी तख्तियां लेकर इकट्ठा हुईं। बीएनआर मोड़ पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने पश्चिम बंगाल सहित देशभर में महिलाओं पर बढ़ रही हिंसा, उत्पीड़न और अपराधों पर गंभीर चिंता जतायी।
इस रैली में आसनसोल, दुर्गापुर, बाराबनी, सालानपुर, कुल्टी, रानीगंज समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई।
रैली में शामिल महिलाओं ने प्रण लिया कि वे न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहेंगी, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करेंगी।
अंगीकार यात्रा के आयोजकों का कहना था कि यह सिर्फ एक रैली नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा



