विमानों में मराठी में भी हो एनाउंसमेंट

कांग्रेस नेता नाना पटोले की पीएम मोदी से मांग

मुंबई, 17 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र आने-जाने वाले विमानों में मराठी में भी एनाउंसमेंट अनिवार्य किए जाने की मांग उठी है। यह मांग कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नागरिक

विमानन मंत्रालय और विमानन कंपनियों को कड़े निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

पटोले ने अपने पत्र में लिखा है कि मराठी भाषा को केंद्र सरकार ने'अभिजात भाषा' का दर्जा दिया है। इस ऐतिहासिक फैसले ने मराठी के समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान किया है। इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं। अब समय आ गया है कि इस सम्मान को व्यावहारिक रूप में भी लागू किया जाए। पटोले के अनुसार वर्तमान में विमानों में केवल हिंदी और अंग्रेजी में ही घोषणाएं की जाती हैं। मराठी भाषा में भी घोषणाएं होनी चाहिए।

पटोले ने पीएम मोदी को लिखा है कि मराठी महाराष्ट्र की राजभाषा है और दैनिक व्यवहार में इसका व्यापक उपयोग होता है। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, नागपुर व नाशिक जैसे प्रमुख शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए मराठी में जानकारी उपलब्ध होना न केवल सुविधाजनक होगा, बल्कि इससे हमारी स्थानीय संस्कृति और भाषा का प्रचार-प्रसार भी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार