रायबरेली, 31 दिसम्बर(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रायबरेली जिले के राही निवासी कानूनगो गंभीर सिंह लालगंज तहसील में तैनात हैं। बताया जाता है कि एक पीड़ित महिला अपनी जमीन की पैमाइश के लिए लंबे समय से तहसील के चक्कर काट रही थी। आरोप है कि कानूनगो ने इस काम के बदले महिला से रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित महिला ने लखनऊ स्थित एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया और अपनी आपबीती सुनाई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने आज योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही महिला ने कानूनगो को केमिकल लगे हुए नोट थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी कानूनगो को तुरंत गुरबख्शगंज थाने ले गई, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
लालगंज के क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा लालगंज तहसील के कानूनगो गंभीर सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर गुरबख्शगंज थाने में पूछताछ और विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे



