75 ग्राम चिट्टे के मामले में मुख्य महिला तस्कर पालमपुर से गिरफ्तार

धर्मशाला, 21 दिसंबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा के शाहपुर पुलिस थाना के तहत बीते दिनों 75 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए अमृतसर के तीन युवकों के मामले में पुलिस ने मुख्य महिला तस्कर को पालमपुर के विन्द्रावन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही की है।

गौरतलब है कि बीते दिनों पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर निवासी तीन युवकों विक्की पुत्र अमर सिंह निवासी अमृतसर, संदीप सिंह पुत्र कुलवन्त सिंह निवासी अमृतसर तथा विशाल सिंह अमर सिंह निवासी अमृतसर पंजाब को सारनू (शाहपुर) के पास 75 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया था।

उपरोक्त आरोपियों से गहन पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण व ट्रांजैक्शन हिस्ट्री से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि उक्त आरोपियों द्वारा यह चिट्टा पालमपुर के बिन्द्रावन में मुख्य तस्कर ज्योति को उपलब्ध करवाना था। पुलिस ने इसी आधार पर उक्त महिला तस्कर को पकड़ने के लिए एक विशेष गुप्त टीम का गठन करके विन्द्रावन (पालमपुर) भेजा गया तथा मुख्य महिला तस्कर 36 वर्षीय ज्योति पत्नी विजय कुमार निवासी गांव व डाकघर विन्द्रावन तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया