अरुणाचल: बर्फीली झील में डूबे एक पर्यटक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
- Admin Admin
- Jan 16, 2026
इटानगर, 16 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में सेला टॉप के पास बर्फीली झील में डूबे दो पर्यटकों में से एक का शव आज बरामद किया गया। जबकि, दूसरे की तलाश जारी है।
यह घटना गुरुवार को उस समय हुई जब पर्यटकों का एक समूह बर्फ से ढकी झील में गया, जहां बर्फ की अस्थिरता के कारण झील पर जमी बर्फ टूट गई, जिसके चलते तीन पर्यटक बर्फीले पानी में गिर गए। एक पर्यटक को बचा लिया गया है और वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है। झील में डूबे पर्यटक केरल के रहने वाले बताए गए हैं।
जांग के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और रक्षा बलों के कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। एक पर्यटक का शव आज बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे लापता पर्यटक की तलाश जारी है, हालांकि झील की अत्यधिक गहराई, अत्यधिक ठंड और चुनौतीपूर्ण उच्च ऊंचाई वाली परिस्थितियों के कारण तलाशी अभियान में बाधा आ रही है।
जांग पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों ने मृतकों की पुष्टि कर दी है। हालांकि पूरा सुचना नही मिल पायी है। पुलिस अधिकारी ने बताया है कि पर्यटक केरल के रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने कहा कि लापता व्यक्ति का पता लगने तक बचाव और खोज अभियान जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी



