रॉन्गकेर कार्कली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

गुवाहाटी, 5 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कार्बी समुदाय के प्रमुख पारंपरिक धार्मिक पर्व रॉन्गकेर कार्कली के पावन अवसर पर कार्बी भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने आज अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि शीतकाल में मनाया जाने वाला रॉन्गकेर कार्कली कार्बी जनजाति का एक महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार है, जिसका मुख्य उद्देश्य अच्छी फसल, गांव के लोगों के कल्याण के लिए स्थानीय देवी-देवताओं की आराधना करना तथा अमंगल को दूर करना है।

डॉ. सरमा ने इस पर्व को आस्था, एकता और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए कामना की कि यह उत्सव सभी के जीवन में सुख, शांति, सौहार्द और समग्र कल्याण लेकर आए। उन्होंने इस पवित्र दिन पर सभी की कुशलता और मंगल के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश