मुख्यमंत्री ने असम साहित्य सभा के स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

गुवाहाटी, 27 दिसंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को असम साहित्य सभा के गौरवशाली स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और असमिया भाषा के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि असमिया उनकी “चिर स्नेही भाषा जननी” है। उन्होंने असम साहित्य सभा के अतीत के महान पथप्रदर्शकों के साथ-साथ वर्तमान में संस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को सादर प्रणाम अर्पित किया।

डॉ. सरमा ने कहा कि असम साहित्य सभा ने असमिया भाषा के प्रचार और प्रसार के लिए निरंतर कार्य किया है और राज्य की भाषा एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने असम साहित्य सभा से वर्तमान में जुड़े सभी सदस्यों के साथ-साथ समस्त असमवासियों को आत्मीय शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि यह संस्था भविष्य में भी असमिया भाषा को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश