दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेंगे मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा
- Admin Admin
- Jan 18, 2026
गुवाहाटी, 18 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा आगामी 19 से 23 जनवरी तक स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) में भाग लेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक मंच पर भाग लेने वाले डॉ. सरमा असम के पहले मुख्यमंत्री होंगे। भारत सरकार ने देश के अग्रणी राज्यों के साथ असम को भी इस वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री 19 जनवरी को दावोस के लिए रवाना होंगे और चार दिनों तक वहां विश्व के प्रमुख उद्योगपतियों, अर्थशास्त्रियों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ, विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व व्यापार संगठन के शीर्ष अधिकारियों से संवाद करेंगे। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में उनकी भागीदारी से असम के निवेश, अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
एडवांटेज असम सम्मेलन की सफलता के बाद मुख्यमंत्री की यह यात्रा राज्य के लिए विशेष महत्व रखती है। इस मंच पर वे असम की विकासोन्मुखी नीतियों, औद्योगिक प्रगति, निवेश अवसरों और समावेशी विकास से जुड़ी योजनाओं को वैश्विक समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकों के साथ-साथ अनेक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे और भविष्य की औद्योगिक नीतियों, कार्यबल सुरक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल क्रांति तथा 10 ट्रिलियन डॉलर की संभावनाओं वाले पर्यटन गंतव्य जैसे विषयों पर आयोजित चार प्रमुख पैनल चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। वे भारत की तेज आर्थिक प्रगति के हिस्से के रूप में असम की भूमिका और उपलब्धियों को भी रेखांकित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम एक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसकी स्थापना 1971 में हुई थी। यह केवल व्यापार तक सीमित न होकर भू-राजनीति, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, आर्थिक नीति और निवेश जैसे व्यापक विषयों पर वैश्विक संवाद का मंच है। इस वर्ष के फोरम का विषय ‘स्पिरिट ऑफ डायलॉग’ है, जिसमें असम को अपने विचार और परियोजनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलना राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस बार भारत से कुल 9 राज्यों को भागीदारी का अवसर मिला है, जिनमें पांच मुख्यमंत्री और चार केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। इसके अलावा, विश्व के लगभग 50 देश इस मंच पर हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की इस सहभागिता से असम में नए निवेश, सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में परियोजनाओं और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



