असम के मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को जन्मदिन पर दी श्रद्धांजलि
- Admin Admin
- Dec 11, 2025
गुवाहाटी, 11 दिसम्बर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की जन्मदिन पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि मुखर्जी का असाधारण जीवन-पथ और छह दशक से अधिक का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रणब मुखर्जी एक विशाल व्यक्तित्व थे, जिनका सफर कोलकाता में डिप्टी एकाउंटेंट जनरल कार्यालय में अपर डिविजन क्लर्क के रूप में सेवा से शुरू होकर भारत के 13वें राष्ट्रपति बनने तक पहुंचा। यह यात्रा राष्ट्र सेवा, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रही।
डॉ. सरमा ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित मुखर्जी ने भारत की राजनीतिक दिशा को आकार दिया, विभिन्न दलों के बीच संवाद और एकता को मजबूत किया तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “राष्ट्र के लिए समर्पित इस महान नेता को हम उनकी जन्म जयंती पर भावपूर्वक नमन करते हैं।”
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



