प्रतिमा बरुवा पांडेय की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

गुवाहाटी, 27 दिसंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को ग्वालपारिया लोकगीतों की सम्राज्ञी प्रतिमा बरुवा पांडेय की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ग्वालपारिया लोकसंगीत को विश्व पटल तक पहुंचाने के लिए प्रतिमा बरुवा पांडेय ने जो अथक प्रयास किए, उन्हें आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण करेंगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गौरीपुर राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाली प्रतिमा बरुवा पांडेय की अनन्य और सशक्त आवाज में गाए गए गीत असमिया संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उनके लोकगीत शाब्दिक अर्थों में असम की सांस्कृतिक शोभा और आभूषण हैं।

‘हस्ती की कन्या’ के नाम से प्रसिद्ध प्रतिमा बरुवा पांडेय को पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पुण्य स्मृति दिवस पर राज्य उनकी महान सांस्कृतिक विरासत को नमन् करता है और गहन सम्मान के साथ उन्हें याद करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश