स्वामी विवेकानंद की जयंती पर असम के मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की
- Admin Admin
- Jan 12, 2026
गुवाहाटी, 12 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने आज महान समाज सुधारक, चिंतक, दार्शनिक और युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की पावन जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा प्रतिपादित आदर्श और दर्शन पीढ़ी दर पीढ़ी प्रत्येक भारतीय को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहे हैं और भविष्य में भी उनकी प्रासंगिकता बनी रहेगी। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को चिरस्मरणीय व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके विचार राष्ट्र निर्माण में सदैव मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहेंगे।
डॉ. सरमा ने युवाओं पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि युवा पीढ़ी हर प्रकार की चुनौतियों का डटकर सामना करने में सक्षम है और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर देश को नई दिशा देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



