असम पुलिस भर्ती में आयु सीमा एक वर्ष बढ़ी : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 18 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने असम पुलिस भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने की घोषणा की। अब पुलिस भर्ती के लिए अधिकतम् आयु सीमा 25 वर्ष के स्थान पर 26 वर्ष निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि असम डायरेक्ट रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (एडीआरई) के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों के तबादले को लेकर जल्द ही ‘स्वागत सतीर्थ’ पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही दिव्यांग अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया में दूसरी बार मेडिकल जांच की सुविधा देने की भी घोषणा की गई।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रादेशिकीकरण (प्रोविंशियलाइजेशन) की प्रक्रिया के लिए एक अलग पोर्टल शीघ्र ही लॉन्च किया जाएगा, जिससे संबंधित कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी। ये सभी घोषणाएं मुख्यमंत्री ने फेसबुक लाइव के माध्यम से कीं।

राज्य की सांस्कृतिक पहचान पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन में आयोजित ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में प्रस्तुत भव्यता से असम के बागुरुंबा नृत्य की देशभर में तुलना की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बागुरुंबा नृत्य को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वे असम के सांस्कृतिक ब्रांड एम्बेसडर की तरह कार्य कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश