पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर जागरूकता कार्यक्रम
- Rahul Sharma
- Sep 03, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत ब्रांडिंग और मार्केटिंग को लेकर आज डाक बंगला पुंछ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और अन्य हितधारकों को सरकारी योजनाओं, बाजार के अवसरों तथा उपलब्ध विपणन सुविधाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीएम डीआईसी नईम-उन-निसा भट्टी ने कौशल विकास, उद्यमिता, ब्रांडिंग और प्रभावी मार्केटिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। सहायक निदेशक एमएसएमई-डीएफओ जम्मू विनु जे कौल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि संयुक्त निदेशक अमित कुमार तमरिया ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया।
तकनीकी सत्र में सरकारी डिग्री कॉलेज पुंछ के प्रो. जफर इकबाल ने मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग पर जानकारी दी। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के उद्योग संवर्धन अधिकारी रमन जीत सिंह ने विभागीय योजनाओं, जबकि हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग की सहायक निदेशक ज्योति चौधरी ने कारीगरों के लिए संचालित योजनाओं और पहलों की जानकारी दी। जेकेईडीआई के जिला नोडल अधिकारी आमिर शफीक ने कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने में संस्थान की भूमिका बताई।
कार्यक्रम में कारीगरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स के उपयोग पर भी सत्र आयोजित किया गया। पीएमवीके एसएलपीएमयू के सलाहकार अजय पाल सिंह ने इसकी जानकारी दी। लीड जिला प्रबंधक संजीव कुमार रसौत्रा ने बैंकों के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता और ऋण सुविधाओं की जानकारी दी, जबकि आईपीपीबी के वरिष्ठ प्रबंधक अनिल माथुर ने आईपीपीबी सेवाओं और क्यूआर कोड निर्माण के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने योजनाओं, वित्तीय सहायता, मार्केटिंग और उद्यमिता से जुड़े सवाल पूछे।

