राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में सेंध लगाने एवं नमाज पढ़ने की कोशिश, तीन संदिग्ध हिरासत में

अयोध्या, 10 जनवरी (हि.स.)। राम जन्मभूमि परिसर में शनिवार को सुरक्षा में सेंध लगाने एवं नमाज पढ़ने की कोशिश की गई। इस पर फौरन सुरक्षाकर्मियों ने संबंधित तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियां और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए। संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है कि वे अयोध्या क्यों आए और उनका उद्देश्य क्या था? हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को उनके विषय में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

राम जन्मभूमि परिसर की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन संदिग्ध व्यक्ति परिसर के भीतर घुस आए और नमाज पढ़ने का प्रयास करने लगे। परिसर की सुरक्षा में लगे सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों और एक युवती को हिरासत में ले लिया। उसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई। इस सन्दर्भ में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

सूत्रों के अनुसार, तीनों राम मंदिर के गेट डी- वन से परिसर में सभी दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही दाखिल हुए। इसके बाद सीता रसोई के समीप एक व्यक्ति नमाज पढ़ने के लिए बैठ गया। जैसे ही ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने यह देखा तो सुरक्षा कर्मी हरकत में आ गए और उन्होंने तुरंत उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।

राम मंदिर में दर्शन करने गए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं। रोके जाने पर समुदाय विशेष के युवकों ने नारेबाजी भी शुरु कर दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया गया। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अबू अहमद शेख, निवासी शोपियां (कश्मीर) के रुप में बताई जा रही है। पकड़ी गई युवती का नाम सोफिया बताया गया है, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तीनों ने खुद को कश्मीर का रहने वाला बताया है, इस संदर्भ में राम मंदिर ट्रस्ट या पुलिस ने अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय