पश्चिम चम्पारण में समृद्धि यात्रा: करोड़ों की विकास योजनाओं की मिलेगी सौगात
- Admin Admin
- Jan 15, 2026
बेतिया, 15 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के अंतर्गत पश्चिम चम्पारण जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के द्वारा जिले में ₹153 करोड़ की लागत से 125 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹29 करोड़ की लागत से 36 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से किसान मेला-सह-यांत्रिकीकरण प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा आद्योगिक क्षेत्र कुमारबाग का स्थलीय निरीक्षण भी किया जायेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सांसद, बिहार विधान मंडल के सदस्यगण तथा जिले के सम्मानित जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी।
पश्चिम चंपारण ज़िला के डीएम तरनजोत सिंह ने गुरुवार को बताया कि समृद्धि यात्रा को लेकर बेतिया सहित पूरा पश्चिम चंपारण में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु यातायात, स्वास्थ्य, विधि-व्यवस्था एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन मुख्यमंत्री की “सुशासन से समृद्धि” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पश्चिम चम्पारण के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
ज्ञातव्य हो कि मुख्यमंत्री का 11.30 बजे पूर्वा० कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र, प्रखंड-चनपटिया में नव निर्मित हेलीपैड पर आगमन होगा जहाँ वे औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण एवं विभिन्न प्लांटों का निरीक्षण करेंगे। वहीं 12.15 बजे अप० रमना मैदान, बेतिया में नव निर्मित हेलीपैड पर आगमन एवं कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर प्रगति यात्रा की घोषणाओं के प्रगति का प्रस्तुतीकरण देखेंगे एवं योजनाओं का शिलान्यास / उद्घाटन एवं कृषि मेला का उद्घाटन करेंगे। रमना मैदान, बेतिया में ही जिला स्तरीय समीक्षा बैठक तथा जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक



