चुनाव के लिए बेस्ट की अतिरिक्त बसें

मुंबई, 14 जनवरी (हि.स.)। बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को होने वाले हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 14 और 15 जनवरी 2026 को बेस्ट उपक्रम की कई बसों को चुनावी कार्य के लिए आरक्षित किया गया है।

मुंबई मनपा से मिली जानकारी के अनुसार इन दो दिनों में मध्यवर्ती चुनाव केंद्रों से लेकर प्रत्यक्ष मतदान केंद्रों तक चुनाव कर्मचारियों, मतदान सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों के लाने और ले जाने के लिए बेस्ट बसों का उपयोग किया जाएगा। इसके चलते शहर के कुछ मार्गों पर सामान्य यात्रियों को बस सेवाओं में अस्थायी बदलाव और देरी का सामना करना पड़ सकता है। मनपा अधिकारियों ने बताया कि 14 जनवरी की रात और 15 जनवरी की सुबह से लेकर रात तक, भीड़भाड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। ताकि यात्रियों को कम असुविधा हो। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक मार्गों व समय का ध्यान रखें।

मनपा अधिकारियों के अनुसार बसों के चुनावी कार्य में लगाए जाने के कारण कुछ बस मार्गों पर भीड़ बढ़ने और प्रतीक्षा समय अधिक होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए बेस्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार