अल्पसंख्यक तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए भाजपा ने तृणमूल को फिर घेरा

कोलकाता, 02 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर मुस्लिम पुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए एक बार फिर हमला बोला है। पार्टी की तरफ से शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर दुर्गा पूजा से जुड़े आयोजनों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया गया। भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए बार-बार दुर्गा पूजा से समझौता कर रही है।

भाजपा के अनुसार, 2016 में मुस्लिम समुदाय के कथित विरोध के बाद मां दुर्गा की पूजा को रोका गया था। पार्टी ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए कहा कि उस समय राज्य सरकार ने हिंदू भावनाओं की अनदेखी की।

पोस्ट में आगे कहा गया है कि 2017 में मुहर्रम जुलूस की अनुमति देने के लिए दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक लगाई गई थी। भाजपा का आरोप है कि यह फैसला भी एक समुदाय विशेष को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से लिया गया था।

भाजपा ने यह भी दावा किया कि 2025 में मुस्लिम समुदाय के विरोध के चलते दुर्गा पूजा पंडाल या दुर्गा आंगन का स्थान बदल दिया गया। पार्टी का कहना है कि इस तरह के फैसले राज्य में दुर्गा पूजा जैसे सबसे बड़े हिंदू पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए मां दुर्गा से अधिक मुस्लिम वोट बैंक अहम है। पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को “हिंदू विरोधी शासन” करार देते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में धार्मिक आस्थाओं को राजनीतिक हितों के लिए दरकिनार किया जा रहा है।

इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय